छत्तीसगढ़

भिलाई में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, दो युवकों की मौत..

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। कोसानाला टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में सेक्टर-4 निवासी प्रतीक ठाकुर और भास्कर कुमार गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस और यातायात टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने रविवार दोपहर निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया है। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कोसानाला टोल प्लाजा के आसपास का क्षेत्र लगातार सड़क हादसों के कारण संवेदनशील बना हुआ है। 3 सितंबर को भी इसी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक रेलवे कर्मचारी की मौत हुई थी।

Leave a Reply

Back to top button