छत्तीसगढ़

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा युवक गजपल्ला वाटरफॉल में डूबा..

गरियाबंद। जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वाटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के एक युवक की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने पांच दोस्तों के साथ यहां घूमने पहुंचा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि युवक वाटरफॉल में नहा रहा था, इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी। इसके बाद जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।

हादसे के बाद गजपल्ला वाटरफॉल में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सामने आए कुछ वीडियो में कई युवक वाटरफॉल के आसपास खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने वाटरफॉल क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने, पर्याप्त निगरानी व्यवस्था करने और खतरनाक स्थानों पर पर्यटकों की आवाजाही रोकने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर मौजूद है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button