अंबिकापुर/सूरजपुर। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में आदिवासी नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी का शव 1 सितंबर को कमरे में फंदे पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, लेकिन परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
परिजन शव लेकर अंबिकापुर स्थित IG कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों ने किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका भी जताई है।
बताया जा रहा है कि किशोरी कुछ समय से परिचित के घर रह रही थी और घरेलू काम करती थी। मौत के बाद 20 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आने पर परिजनों का संदेह और गहरा गया। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
IG ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। उनकी मांग पर शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवाया गया है। दोबारा पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



