बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) बिलासपुर में बुधवार सुबह मुख्य बिजली पैनल में अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पैनल से धुआं और आग की लपटें निकलती देख मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। हालांकि अस्पताल कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे रसोई कक्ष के पास स्थित मुख्य बिजली पैनल में हुई। अचानक स्पार्किंग शुरू होने के बाद चिंगारियों ने आग का रूप ले लिया और पैनल से तेज धुआं निकलने लगा।
स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके चलते ICU, टीबी वार्ड, कैंसर OPD और रसोईघर समेत कई हिस्सों की बिजली प्रभावित हो गई। कुछ समय तक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को मोबाइल की रोशनी में मरीजों की देखभाल करनी पड़ी।
फायर सिलेंडर से आग पर पाया काबू
बिजली पैनल से धुआं निकलता देख अस्पताल कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने फायर फाइटिंग सिलेंडरों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया। अस्पताल में पहले से कराए गए अग्निशमन प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल का भी इस दौरान फायदा मिला।
समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह अस्पताल के संवेदनशील मेडिकल वार्डों तक पहुंच सकती थी।
पुरानी वायरिंग बदलने के निर्देश
CIMS के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि रसोई कक्ष के पास स्थित बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए अस्पताल की पुरानी वायरिंग बदलने के लिए PWD को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बिजली व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा को लेकर नियमित निरीक्षण करने की बात कही गई है।



