रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में टाटा मैजिक के अंदर चादर से लिपटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर की रात गश्त के दौरान परसतराई नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध टाटा मैजिक दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा।
पुलिस ने परसतराई से शीतला मंदिर तक वाहन का पीछा किया। शीतला मंदिर के पास चालक अंधेरे का फायदा उठाकर टाटा मैजिक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसकी सीट पर चादर से लिपटा हुआ शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन के नंबर की जांच में इसके रावाभाठा निवासी संजय उर्फ मोरध्वज चौहान से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस वाहन मालिक और फरार चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव किसका है, उसकी मौत कैसे हुई और उसे टाटा मैजिक में रखकर कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।



