राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में लेन-देन और प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिखली चौकी क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही दोस्त की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे में बंद कर दिया और फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बातचीत के बहाने बुलाया, फिर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, मोतीपुर रामनगर निवासी 30 वर्षीय अर्जुन वाधवानी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उसका अपने दोस्त सुनील वर्मा (30) के साथ लंबे समय से पैसों के लेन-देन, प्रॉपर्टी और मोटरसाइकिल को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद को लेकर सुनील ने 2 सितंबर की रात अर्जुन को बातचीत के लिए अपने किराए के मकान पर बुलाया। कमरे में दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सुनील ने डंडे से अर्जुन के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।
शव को बेडशीट में लपेटकर लगाया ताला
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट से ढक दिया और कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार होने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आरोपी शव को कहीं और ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस को घटना की सूचना मिल गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने कमरे में कुछ भी नहीं होने की बात कही और ताला खोलने से इनकार किया। संदेह होने पर पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां अर्जुन का शव बरामद हुआ।
FSL और डॉग स्क्वाड ने जुटाए सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पैसों और बाइक को लेकर था विवाद
राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या की वजह पैसों के लेन-देन, प्रॉपर्टी और बाइक को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपी के बयान की भी जांच कर रही है।



