छत्तीसगढ़

धारा 144 के बाद भी गुंडागर्दी: शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो कारोबारी के बेटे पर जानलेवा हमला..

बिलासपुर। शहर में धारा 144 लागू होने के बावजूद चाकूबाजी और रंगदारी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद मधुबन में शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने पर कुछ युवकों ने कारोबारी के बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है।

शराब के लिए मांगे रुपये

जानकारी के मुताबिक, दयालबंद पंजाबी कॉलोनी निवासी कारोबारी राजेश टुटेजा का बेटा मोहनीश टुटेजा रविवार शाम करीब 7:30 बजे मधुबन शराब भट्ठी के पास था। इसी दौरान अंकित रजक और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और शराब पीने के लिए रुपये मांगे।

मोहनीश ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोट

हमले में मोहनीश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी फरार

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के पिता अस्पताल पहुंचे। बेटे की हालत गंभीर देखकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सिटी कोतवाली पुलिस ने अंकित रजक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Back to top button