छत्तीसगढ़

भिलाई में ड्यूटी टाइम पर शराब पार्टी का VIDEO वायरल, निगम कर्मचारियों पर उठे सवाल; आयुक्त ने मांगा जवाब..

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई और चरौदा में ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों के शराब पीने और पार्टी करने के कथित वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो अलग-अलग वीडियो को लेकर सरकारी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और ड्यूटी के दौरान अनुशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

SLRM सेंटर में पार्टी का वीडियो वायरल

पहला वीडियो भिलाई नगर निगम के जोन-4 स्थित SLRM सेंटर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी पार्टी और डांस करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि यह गतिविधियां ड्यूटी के दौरान हुईं।

वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत माझी को नोटिस जारी कर वायरल वीडियो के संबंध में 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।

चरौदा में सरकारी वाहन से पहुंचने का दावा

दूसरा वीडियो चरौदा के जोन-2 स्थित नर्सरी का बताया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, वीडियो में राजनांदगांव से रायपुर की ओर जा रहे आठवीं बटालियन के कुछ अधिकारी/जवान सरकारी वाहन से वहां पहुंचे और दोपहर के समय खाना खाते तथा शराब पीते नजर आने का दावा किया जा रहा है।

वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल

दोनों वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि सरकारी कर्मचारी ड्यूटी के समय इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं, तो सरकारी कामकाज और जनता की सेवाओं पर इसका क्या असर पड़ेगा।

फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका को लेकर जांच का विषय बना हुआ है। भिलाई नगर निगम की ओर से पहले वीडियो के संबंध में नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

Leave a Reply

Back to top button