छत्तीसगढ़

CG News: मोबाइल चार्जर में तार जोड़ना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आने से युवक की मौत..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मोबाइल चार्ज करने के लिए किया गया एक खतरनाक जुगाड़ युवक की जान पर भारी पड़ गया। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोई में चार्जर के साथ अतिरिक्त तार जोड़कर बिजली बोर्ड में लगाने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे युवक की मौत हो गई।

चार्जर में जोड़ा था अतिरिक्त तार

मृतक की पहचान रविन्द्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविन्द्र ने मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर के तार में अलग से तार जोड़ रखा था और उसे सीधे बिजली के प्लग में कनेक्ट किया था।

इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित होने से उसके दोनों हाथों की तर्जनी उंगलियां तार से चिपक गईं। वह खुद को तार से अलग नहीं कर सका और बुरी तरह झुलस गया।

चाचा ने पहुंचकर बचाई जान की कोशिश

घटना के समय रविन्द्र के चाचा ठाकुर सिंह सब्जी लेने के लिए उसके घर पहुंचे थे। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। रविन्द्र जमीन पर पड़ा था और करंट की चपेट में आकर तड़प रहा था।

रविन्द्र ने चाचा को देखकर मदद के लिए आवाज लगाई और बिजली का करंट लगने की बात बताई। स्थिति को समझते हुए ठाकुर सिंह ने तुरंत स्विच बोर्ड से तार निकाल दिया, लेकिन तब तक रविन्द्र गंभीर रूप से झुलस चुका था।

अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

परिजन युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद रविन्द्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर बताती है कि खुले तार, खराब चार्जर या बिजली उपकरणों में खुद से किए गए अस्थायी कनेक्शन बेहद खतरनाक हो सकते हैं। बिजली से जुड़े किसी उपकरण में खराबी होने पर खुद तार जोड़ने के बजाय सुरक्षित उपकरण या प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन की मदद लेना जरूरी है।

Leave a Reply

Back to top button