छत्तीसगढ़

शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार; बस्तर पुलिस ने भेजा जेल..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक शादीशुदा युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के बाद बस्तर थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान बुधमन मौर्य (24), निवासी बागबहार डोंगरीपारा, नगर पंचायत बस्तर के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने BNS की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज किया है।

मोबाइल पर बातचीत के बाद बनाया संबंध

पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत भी होती थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर मिलने के लिए बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के मुताबिक यह सिलसिला जनवरी में भी जारी रहा। इसके बाद अगस्त में आरोपी की पत्नी के मायके जाने के दौरान उसने नाबालिग को अपने घर बुलाया और उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत पर 1 सितंबर को बस्तर थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button