बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर के गेट के पास पुराने चोरी के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक महिला द्वारा एक युवक की चप्पल से पिटाई करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। महिला की पहचान भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक मंडल महामंत्री रेहाना बेगम के रूप में बताई जा रही है।
चोरी के शक से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल प्रसाद की दुकान और होटल संचालित करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी होने की शिकायत पुलिस में की गई थी। शनिवार को महामाया मंदिर गेट के पास तुषार की नजर दुकान पर काम करने वाले करिया उर्फ मनोज पर पड़ी। तुषार ने चोरी को लेकर उस पर शक जताया और उसके साथी मोंटी धीवर से भी पूछताछ की।
बताया गया कि मनोज ने यह बात फूल की दुकान संचालित करने वाली रेहाना बेगम को बताई। इसके बाद मोंटी के फोन करने पर रेहाना मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप
तुषार पक्ष ने रेहाना बेगम समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, रेहाना बेगम ने भी दूसरे पक्ष के लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया केस
घटना के बाद दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मंदिर परिसर के पास हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।



