रायपुर/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी और हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालयों में पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो गई है। प्रदेशभर के संविदा शिक्षक और कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे कई स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां ठप पड़ गई हैं।
रायपुर के तूता धरना स्थल पर आयोजित महा-आंदोलन में सरगुजा संभाग से ही करीब 1,000 संविदा शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए। इसके चलते संभाग के लगभग 40 स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई है। धरना स्थल पर शिक्षकों ने परिवार और छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन कर सरकार से अपनी मांगें पूरी करने की अपील की।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने प्रमुख मांगों में शिक्षा विभाग में संविलियन, संविदा नियम लागू करने, वार्षिक वेतन वृद्धि, ग्रंथपालों को लेवल-8 का दर्जा, पीएफ, सेवा सुरक्षा और 50 लाख रुपये के जीवन बीमा की मांग उठाई है।
संघ का कहना है कि पिछले 5 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। बढ़ती महंगाई के बीच परिवार चलाना मुश्किल हो गया है, इसलिए मजबूरी में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।



