छत्तीसगढ़

डोंगरगढ़ BJP में फिर इस्तीफा, नई नियुक्तियों के अगले दिन मंडल सह संयोजक ने छोड़ी जिम्मेदारी..

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा में संगठनात्मक हलचल के बीच इस्तीफों का सिलसिला जारी है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन डोंगरगढ़ मंडल के सह संयोजक पंकज अग्रवाल ने पार्टी की जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया।

पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में व्यक्तिगत और व्यावसायिक कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारी के साथ पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने की बात कही है।

उन्होंने अपने पत्र में पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार जताया है। साथ ही भविष्य में पार्टी के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात भी कही है।

लगातार इस्तीफों से बढ़ी संगठन की चर्चा

पंकज अग्रवाल का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब डोंगरगढ़ भाजपा में पिछले कुछ समय से लगातार इस्तीफों को लेकर चर्चाएं हैं। इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, फिर कई नेताओं के इस्तीफे और पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सुमित मिश्रा के इस्तीफे व वापसी का मामला भी सामने आ चुका है।

हालांकि, पंकज अग्रवाल ने अपने इस्तीफे में किसी नेता या संगठन पर कोई आरोप नहीं लगाया है और स्पष्ट तौर पर निजी कारणों का उल्लेख किया है।

लगातार सामने आ रहे इस्तीफों के बीच अब डोंगरगढ़ भाजपा के संगठनात्मक समीकरण को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी नेतृत्व के सामने संगठन में असंतोष और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखना चुनौती बनता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Back to top button