रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब के पास एक युवती का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, युवती की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के गले में रस्सी का फंदा मिला, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।



