बलरामपुर। जन्म प्रमाण-पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में ग्राम पंचायत भेलवाडीह में पदस्थ पंचायत सचिव विष्णुपद मंडल पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पंचायत सचिव का ऑनलाइन जन्म प्रमाण-पत्र बनाने के बदले ₹200 की मांग करने वाला ऑडियो सामने आया था। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत स्तर पर दो सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया था। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सचिव की ओर से जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन सक्षम प्राधिकारी ने उनके जवाब को असंतोषजनक माना।
इसके बाद जिला पंचायत CEO आशुतोष चतुर्वेदी ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा अनुशासन तथा अपील नियमों के तहत पंचायत सचिव विष्णुपद मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पंचायत सचिव के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
निलंबन अवधि के दौरान पंचायत सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत बलरामपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। जन्म प्रमाण-पत्र जैसे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज के लिए रिश्वत मांगने के मामले में हुई इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।



