छत्तीसगढ़

दुर्ग में नदी बनी काल, नहाने उतरे 2 बच्चे तेज बहाव में बहे, सर्च ऑपरेशन जारी..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। छातागढ़ स्थित शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में दो बच्चे बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार, उरला क्षेत्र के 7 से 8 बच्चे अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए छातागढ़ पहुंचे थे। बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद दोपहर में 14 वर्षीय रेहान और 12 वर्षीय आरव नदी में नहाने उतर गए। नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना के दौरान साथ मौजूद एक दोस्त ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद अन्य बच्चों ने भी उनकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा, जिसे शनिवार सुबह फिर से शुरू किया गया। फिलहाल दोनों बच्चों की तलाश जारी है।

लगातार हो रही बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव काफी तेज है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों के पास जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Back to top button