छत्तीसगढ़

रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर बड़ा हादसा, बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत..

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार देर रात नेशनल हाईवे-130B पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सकरी के पास रायपुर से बलौदाबाजार आ रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदाबाजार पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में 16 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा नेशनल हाईवे पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह हादसा एक बार फिर रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। भारी वाहनों की आवाजाही और संकरी सड़क के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

Leave a Reply

Back to top button