छत्तीसगढ़

बिलासपुर में नाले में बहने से वृद्ध महिला की मौत, रायगढ़ में आकाशीय बिजली बनी काल..

बिलासपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच दो अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। बिलासपुर में एक वृद्ध महिला उफनते नाले में बह गई, जबकि रायगढ़ में जंगल में मशरूम (पुटु) बीनने गई महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान चली गई।

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित लिंगियाडीह एफसीआई गोदाम नाले में 65 वर्षीय प्रमिला बाई का शव शीला पार्क टावर के पास झाड़ियों में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला बीती रात तेज बारिश के दौरान नाले में बह गई थी। हालांकि, वह नाले में कैसे गिरी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

वहीं रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में 55 वर्षीय प्रभा एक्का अपने परिजनों के साथ जंगल में पुटु (मशरूम) बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से उफनते नालों और नदी-नालों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और जंगलों में जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button