बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव (गिरजाबंद) में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नशे के आदी एक युवक ने अपने लकवाग्रस्त 65 वर्षीय पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी मां की हत्या करने के इरादे से बहन के घर भी पहुंच गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक रिखी राम सूर्यवंशी (65) लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और बिस्तर पर ही रहते थे। उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी नशे का आदी था और आए दिन माता-पिता के साथ मारपीट करता था।
गुरुवार रात आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा। बेटे के हिंसक व्यवहार को देखते हुए पिता ने अपनी पत्नी को सुरक्षित रहने के लिए बेटी के घर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में डंडे से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपनी मां को मारने के इरादे से बहन के घर पहुंचा और दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगा। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



