छत्तीसगढ़

मोबाइल बना मौत की वजह! पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर शव छिपाया..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक की बोरी से ढककर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाड़ियों में बोरी से ढका महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान के रूप में की। जांच में पता चला कि मृतका अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ पिछले एक वर्ष से वहीं रहकर काम करती थी।

जांच के दौरान सामने आया कि पति-पत्नी दोनों शराब पीने के आदी थे और आरोपी अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। 12 जुलाई की रात दोनों के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ। आरोपी का आरोप था कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के पास गिरवी रख दिया था। गुस्से में आकर उसने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को प्लास्टिक की बोरी से ढककर झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button