छत्तीसगढ़

उरला फैक्ट्री ब्लास्ट: ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 3 मजदूरों की मौत, 200 मीटर दूर मिले शवों के टुकड़े..

उरला। थाना क्षेत्र के बेंद्री स्थित 3डी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट ने पूरे रायपुर को झकझोर दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि शवों के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय अरुण पांडेय, कमल सिंह और लाल सिंह के रूप में हुई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की जा रही थी। मजदूरों को बिना हेलमेट, सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के जोखिम भरा काम कराया जा रहा था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि फैक्ट्री में नाबालिग से भी काम कराया जा रहा था, जो श्रम कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, प्रशासन और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच के अनुसार ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए विस्फोट के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के पालन और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button