छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 61 इंस्पेक्टर्स के तबादले..

रायपुर |   छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस मुख्यालय (PHQ) नवा रायपुर अटल नगर ने 61 निरीक्षकों (इंस्पेक्टर्स) के तबादले का आदेश जारी किया है। यह स्थानांतरण पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा और वन टाइम (OT) नीति के तहत किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित जिलों में लंबे समय से पदस्थ निरीक्षकों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस निर्णय का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा प्रशासनिक संतुलन बनाए रखना बताया गया है।

तबादला सूची में बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कोंडागांव जैसे संवेदनशील जिलों में वर्षों से सेवाएं दे रहे अधिकारियों को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार-भाटापारा, सक्ती, बेमेतरा, गरियाबंद, रायगढ़, कोरिया, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित अन्य जिलों में पदस्थ किया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस फेरबदल से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लंबे समय से कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ-साथ अन्य जिलों में उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।

पुलिस विभाग का कहना है कि समय-समय पर प्रशासनिक आवश्यकता और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के स्थानांतरण किए जाते हैं। इस बड़े फेरबदल को प्रदेश पुलिस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button