रायपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। राजधानी पहुंचने पर माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं।
एयरपोर्ट से लोकसभा अध्यक्ष सीधे लोकभवन पहुंचे, जहां कुछ समय विश्राम के बाद वे निर्धारित कार्यक्रम के तहत बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने आचार्य पदारोहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और उपस्थित संत समाज एवं श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
कार्यक्रम के उपरांत ओम बिरला पुनः लोकभवन लौटे। इसके बाद शाम को वे शांतिनगर स्थित विमतारा सभा स्थल पहुंचे, जहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
अपने रायपुर प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने मौलश्री विहार स्थित सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निवास पर भी पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इस दौरान राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा होने की भी जानकारी सामने आई।
दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शाम को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे निर्धारित समयानुसार नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और प्रशासनिक अमला पूरे समय मुस्तैद नजर आया।



