कोंडागांव। बस्तर का प्रवेश द्वार मानी जाने वाली केशकाल घाटी में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घाटी के आठवें मोड़ पर ब्रेक फेल होने से ऑक्सीजन से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते स्थिति गंभीर नहीं हुई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जगदलपुर से ओडिशा की ओर जा रहा ऑक्सीजन टैंकर केशकाल घाट के आठवें मोड़ पर पहुंचा था। इसी दौरान टैंकर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद टैंकर में भरी ऑक्सीजन को लेकर चिंता बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने समझदारी दिखाते हुए टैंकर की नलकी से नियंत्रित तरीके से ऑक्सीजन का रिसाव कराया। इससे टैंकर के भीतर दबाव नहीं बढ़ा और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर हालात पर नजर रखी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
गौरतलब है कि केशकाल घाटी में पिछले कुछ समय से सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। घाट के तीखे मोड़ और खतरनाक ढलान के कारण भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ी हैं। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



