रायपुर। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची आरोपी द्वारा खुद को बचाने के लिए मचाए गए शोर के बाद गांव में अफरा-तफरी फैल गई और देखते ही देखते ग्रामीणों ने पुलिस दल को घेरकर हमला कर दिया। इस घटना में एक पुलिस गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। मामले में स्थानीय पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में तीन वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोपियों में आकाश, शिवम केशरवानी और उसका एक अन्य साथी शामिल हैं। इन्हीं की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित ईचौली गांव पहुंची थी।, टीम में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल युसूफ खान, सिपाही अजय चौधरी, आरक्षी संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान शामिल थे। आरोप है कि, शिवम केशरवानी, उसके भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और आरोपी को ले जाने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस दल को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। ग्रामीणों ने बिना स्थिति की पुष्टि किए पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया और उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।



