आरंग। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि इसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रायपुर, मंदिर हसौद और आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहनों को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी और फोम का इस्तेमाल करते हुए आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
करीब पांच घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सील कर दिया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से प्लांट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विशेषज्ञों की टीम को आग लगने के कारणों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



