नई दिल्ली/रायपुर। देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने इस पर्व को त्याग, सेवा और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताते हुए समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि ईद-उल-अजहा लोगों को निस्वार्थ सेवा, बलिदान और मानवता के प्रति समर्पण की सीख देता है। उन्होंने लोगों से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की मदद करने तथा प्रेम और समरसता को मजबूत करने की अपील की।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह पर्व लोगों के बीच भाईचारे और सामाजिक एकता को और मजबूत करे। उन्होंने सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
इसके अलावा कई अन्य राजनीतिक नेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से बकरीद की मुबारकबाद दी। मायावती ने देश में शांति और भाईचारे के माहौल को मजबूत करने की बात कही, जबकि उपेंद्र कुशवाहा ने अमन-चैन और तरक्की की दुआ की।



