रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने 62 लाख रुपए की वित्तीय गड़बड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) विकास पाटले और लेखापाल सूर्यकिरण चिडेम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में दोनों अधिकारियों को वित्तीय अनियमितता का दोषी पाए जाने के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक बीजापुर जिले के भोपालपटनम में पदस्थापना के दौरान CMO विकास पाटले और लेखापाल सूर्यकिरण चिडेम ने पार्षदों के साथ मिलकर मांग पत्र तैयार कर सामग्री खरीदी थी। आरोप है कि 15वें वित्त आयोग की राशि का बिना अनुमति मद परिवर्तन कर भुगतान किया गया।
जांच में सामने आया कि दोनों अधिकारियों द्वारा करीब 62 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता की गई। मामले की जांच पूरी होने के बाद राज्य सरकार ने दोनों को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास कार्यालय जगदलपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता भी रहेगी।



