बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने सूटकेस में गौमांस ले जा रही दो महिलाओं को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं रायपुर की ओर से बिलासपुर पहुंची थीं और अपने साथ सूटकेस में करीब 10 किलो से अधिक गौमांस लेकर आ रही थीं।
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी, जिसके बाद स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। संदेह होने पर जब सूटकेस की तलाशी ली गई, तो उसमें गौमांस बरामद हुआ। इसके बाद दोनों महिलाओं को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने सूटकेस में गौमांस होने की बात स्वीकार कर ली है। वहीं सूचना मिलते ही कुछ गौसेवक थाने के बाहर इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
तोरवा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गौमांस कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।



