रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘3 Stumps’ नामक सट्टा एप से जुड़े नेटवर्क के मास्टरमाइंड माने जा रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के निवास पर क्राइम ब्रांच और गंज थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है।
जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में डीएसपी, टीआई सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम ने बाबू खेमानी के घर सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी के विदेशी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पिछले एक घंटे से पुलिस लगातार तलाशी अभियान चलाकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और लिंक की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।



