जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है। यहां सीमेंट-रेत व्यवसायी एवं ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर में देर रात तीन अज्ञात बदमाश घुस आए। आरोप है कि बदमाश लूट की नीयत से घर में दाखिल हुए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में बड़े बेटे आयुष कश्यप को सीने और सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप को भी गोली लगी है, जो उसके हाथ में लगी है। घटना के दौरान आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न बुला सके।
घायल आशुतोष को तुरंत बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस वारदात के बाद इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।



