सक्ती। जिले में स्थित Vedanta Limited पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर अब 19 हो गई है। पहले यह आंकड़ा 16 बताया जा रहा था, जो अब बढ़कर 19 पहुंच गया है।
इस दर्दनाक हादसे में एक साथ कई मजदूरों की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। अपने परिजनों को खोने वाले लोगों की भीड़ अब अस्पतालों में लगातार बढ़ती जा रही है। हर तरफ चीख-पुकार और गम का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद अस्पतालों में शव लेने के लिए परिजनों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन हालात संभालने में जुटे हैं, लेकिन अचानक बढ़ी भीड़ के कारण व्यवस्था पर दबाव साफ देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बॉयलर ब्लास्ट के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है, जबकि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अब इस पूरे मामले में लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।



