सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित वेदांत पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्लांट में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में झुलसे मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



