दुर्ग। चर्चित गोलीकांड के मुख्य आरोपी और शातिर बदमाश करण साव के खिलाफ प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित उसके अवैध मकान और अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 10 दिन पहले हुई फायरिंग की घटना के बाद की गई है, जिसमें करण साव मुख्य आरोपी है।
आज सुबह, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम का अमला आरोपी करण साव के कैलाश नगर स्थित घर पहुंचा। प्रशासन ने उसके घर के अवैध रूप से बनाए गए अतिरिक्त निर्माण और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे।
21 नवंबर को घर के बाहर चस्पा किया नोटिस
गोलीकांड के एक सप्ताह बाद ही नगर निगम की ओर से करण साव के अवैध कब्जे को तोड़ने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया था। इस दौरान करण साव समेत परिवार के अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। बाहर से आए शूटर को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद करण साव के अवैध कब्जे के बाहर नोटिस चस्पा कर जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने कहा गया था। लेकिन समय पर अतिक्रमण नहीं हटाने के कारण बुधवार सुबह बुलडोजर से पूरे अतिक्रमण को तोड़ दिया गया।
घटना के बाद जामुल पुलिस ने अपराध दर्ज कर तेजी से जांच शुरू की। कुछ ही दिनों के भीतर पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता और शूटर करण साव को छावनी के बैकुंठ धाम इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मामले में शामिल उसके पांच अन्य साथियों को भी पकड़ा गया। फिलहाल सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें यह साफ कर दिया गया है कि अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



