छत्तीसगढ़

CG- CM की समीक्षा बैठक में बड़ा बदलाव: DFO भी होंगे शामिल, कलेक्टर-SP से होगी कड़ी पूछताछ..

रायपुर। कलेक्टर्स एसपी कांफ्रेंस को लेकर प्रशासनिक सुगबुगाहट बढ़ने लगी है। सीएम सिकरेट्री के प्रदेशभर के कलेक्टर्स और एसपी को लिखे पत्र के बाद सीएम कांफ्रेंस को लेकर जिलेभर में तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दशहरा त्योहार के बाद अक्टूबर महीने में तीन दिनों तक अफसरों के साथ मैराथन मीटिंग करेंगे।

12 अक्टूबर को आयोजित होने वाली पहली बैठक में राज्य के सभी जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की प्रगति, विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जिले स्तर पर आ रही चुनौतियों की जानकारी लेंगे।  13 अक्टूबर को डीएम-एसपी कॉन्फ्रेंस और उसके बाद कलेक्टर-डीएफओ कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। 14 अक्टूबर को राज्य स्तरीय सुशासन शिखर सम्मेलन होगा, जिसका विस्तृत कार्यक्रम सुशासन विभाग द्वारा अलग से जारी किया जाएगा।

लगातार तीन दिनों तक कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिला वन अधिकारी (डीएफओ) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा करेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य की योजनाओं, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और आम जनता से जुड़े मुद्दों की बारीकी से समीक्षा करना है।

एजेंडा तैयार करने दिए निर्देश

सभी सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के मुख्य एजेंडा बिंदुओं को मुख्यमंत्री कार्यालय और सामान्य प्रशासन विभाग के साथ साझा करें। एजेंडा को 6 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिया जाएगा। सम्मेलनों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नोडल विभाग भी तय किए गए हैं। गृह विभाग को डीएम-एसपी कॉन्फ्रेंस का नोडल विभाग बनाया गया है, वहीं वन विभाग कलेक्टर-डीएफओ कॉन्फ्रेंस का नोडल विभाग रहेगा।

 

Leave a Reply

Back to top button