रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के खत्म होने के आसार नज़र आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में कर्मचारियों की 6 प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। माना जा रहा है कि विभागीय आदेश जारी होते ही हड़ताल समाप्त हो जाएगी और कर्मचारी काम पर लौट आएंगे।
मंत्री ने यह भी कहा कि बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली के लिए उच्च स्तर पर बातचीत की जाएगी। इसके अलावा, एक महीने के नोटिस वाले कर्मचारियों को आज काम पर लौटने पर कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी। 10 में से 4 प्रमुख मांगों को पूरा किया जा चुका है, जबकि 3 मांगों के लिए एक कमेटी बनाई गई है। शेष 3 मांगों के लिए उच्च स्तर पर बातचीत जारी रहेगी। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि यह स्थिति चिंताजनक है क्योंकि एक महीने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
काम पर नहीं लौटे तो करेंगे नई भर्ती – जायसवाल
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री जायसवाल ने कहा कि, अगर कर्मचारी अपनी हड़ताल बंद करके काम पर नहीं लौटेंगे तो हमें नई भर्तियों पर विचार करना होगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा- इसके लिए दो- तीन दिन के भीतर विज्ञापन जारी कर दिया जायेगा।



