रायपुर। छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए सुरक्षाबलों का नक्सल विरोधी अभियान फिर तेज हो गया है। शुक्रवार सुबह से ही नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा से लगे जंगलों में सुरक्षाबलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ जारी है। एनकाउंटर में एक नक्सली मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब नारायणपुर और दंतेवाड़ा से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के एक संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था।
मिली सूचना के आधार पर यह जानकारी मिली थी कि बड़े नक्सली लीडर्स की मीटिंग हो रही है। इसकी पुष्टि के लिए दंतेवाड़ा-नारायणपुर की संयुक्त पुलिस टीम को रवाना किया गया। दंतेवाड़ा एसपी के अनुसार पुलिस बल को आता देख नक्सली जंगल की ओर भाग खड़े हुए, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ लगभग आधे घंटे से अधिक समय से जारी है।



