छत्तीसगढ़

CG- करोड़ों की ठगी, आरोपियों ने ठगी के पैसों से खरीदी जमीन और लग्जरी गाड़ियां, 3 मास्टरमाइंड गिरफ्तार..

कवर्धा। जिले की पुलिस ने करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने निवेशकों को 10 प्रतिशत प्रतिमाह लाभांश और एक वर्ष बाद मूल राशि लौटाने का लालच देकर करोड़ों की धोखाधड़ी की थी।

मामला 30 अक्टूबर 2024 को प्रार्थी शिव सोनी निवासी ने थाना कवर्धा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि DYPDHURWE BROTHERS CONSULTANTS PVT. LTD./निवेश किंग नामक कम्पनी के संचालक धर्मेश धुर्वे, यतीन्द्र धुर्वे व नारायण प्रसाद धुर्वे ने 10 प्रतिशत प्रतिमाह लाभांश और एक वर्ष बाद मूल राशि लौटाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। इस शिकायत पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 672/2024 धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया। लगातार कई दिनों की मेहनत, दस्तावेजों की जांच और विभिन्न जिलों में दबिश देने के बाद आरोपियों को आज धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज और ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों के सबूत जब्त किए हैं।

निवेशकों को ठगने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी

आरोपियों ने ठगी की रकम से बिलासपुर में 57 लाख की जमीन, कवर्धा में 1 करोड़ 10 लाख की भूमि और टाटा हैरियर व अर्टिगा जैसी लग्जरी गाड़ियां खरीदी। पूरे छत्तीसगढ़ में यह रकम 50 करोड़ से अधिक की बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराधियों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है। निवेशकों को ठगने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। पुलिस टीम ने इस कार्रवाई के लिए कई जिलों में छापेमारी की और सबूत जुटाए। इसमें थाना कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा, पांडातराई थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, साइबर प्रभारी मनीष मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Back to top button