रायपुर
प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से पुलिस बल आधुनिकीरण योजना से मिलने वाली राशि को बढ़ाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि वर्ष 2013-14 में प्लान 56 करोड़ का था, लेकिन अब 2019-20 में वह 20 करोड़ से भी कम रह गया है।उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही, राज्य पुलिस का संसाधन आधार विस्तृत और अत्याधुनिक बनाए जाने के लिए योजना के अंतर्गत दी जाने वाली राशि में वृद्धि करने की अपील की है। मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने पत्र में लिखा है…पुलिस बल आधुनिकीरण योजना राज्य पुलिस बलों की क्षमता को बढ़ाने के लिए एक केन्द्र-प्रायोजित योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस-प्रशासन एवं प्रचालन के लिए आवश्यक कमियों को चिन्हांकित कर उसकी पूर्ति करना है।गत कई वर्षों से छ.ग.राज्य वामपंथ उग्रवाद समस्या से ग्रसित है। राज्य के 14 जिले नक्सल समस्या से प्रभावित एसआरई जिले है, जिनमें से 8 जिले अत्यंत प्रभावित है। राज्य में आधारभूत संरचना एवं आवष्यक संसाधनों जैसे प्रशासकीय भवन, आवासगृहों का निर्माण,शस्त्रादि, वाहन, दूरसंचार, उपकरण, प्रशिक्षण संसाधनों की आवश्यकता है।विगत कुछ वर्षो से योजनांतर्गत प्राप्त होने वाली राशि में निरंतर कमी हो रही है। वर्ष 2013-14 में अनुमोदित प्लान का कुल आकार करीब 56 करोड़ था, जो वर्ष 2019-20 में घटकर 20 करोड़ से भी कम रह गया है। मंत्री ताम्रध्वज साहू ने इस राशि में बढ़ोतरी करने की मांग की है।