दुर्ग। ऑनलाइन सट्टा एप के खिलाफ दुर्ग क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑनलाइन सट्टा के करोड़ों रुपए हवाला करने वाले व्यापारी नीरू भाई के रायपुर स्थित ठिकाने में छापेमारी की है। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लाख रुपए नगद भी जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग पुलिस ने हैदराबाद में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के बड़े पैनल का भंडाफोड़ किया था। इन आरोपियों से पुलिस को सूचना मिली कि खाइवालों का करोड़ों रुपए रायपुर का हवाला कारोबारी नीरू भाई एक जगह से दूसरी जगह भेजता है।
नीरू भाई के घर पुलिस की छापेमारी, 80 लाख बरामद
ACCU की एडिशनल एसपी ऋचा मिश्रा ने जानकारी मिलते ही अपने नेतृत्व में एक टीम बनाई। इसके बाद मंगलवार रात को रायपुर के खम्हरिया जाकर नीरू भाई के यहां रेड मारी। रेड के दौरान पुलिस ने नीरू को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर टीम को वहां से 80 लाख रुपए कैश मिले हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि रायपुर का हवाला कारोबारी नीरू भाई महादेव और अन्य ऑनलाइन सट्टा ऐप की काली कमाई को एक जगह से दूसरे जगह भेजने का काम करता है। केवल हैदराबाद के पैनल ही नहीं दुर्ग और रायपुर के कई बड़े ऐसे खाईवाल हैं, जिनके करोड़ों रुपए को उसने एक जगह से दूसरी जगह भेजा है। हवाला कारोबारी नीरू भाई से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देगी।



