छत्तीसगढ़

SECR का बड़ा फैसला: 4 दिन तक रद्द रहेंगी बिलासपुर-गेवरा और कोरबा मेमू ट्रेनें..

बिलासपुर | दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते बिलासपुर-गेवरा और बिलासपुर-कोरबा मेमू ट्रेनों का परिचालन 21 मई से 24 मई 2026 तक रद्द रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार चांपा-गेवरारोड सेक्शन के मड़वारानी स्टेशन में अधोसंरचना विकास कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण यह निर्णय लिया गया है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मड़वारानी स्टेशन पर अप और डाउन अतिरिक्त लूप लाइन की कमीशनिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, 21 से 24 मई तक गाड़ी संख्या 68734/68733 बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 68732/68731 बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर भी इन चार दिनों तक नहीं चलेगी।

भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों के रद्द होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से सफर से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button