रायपुर: राज्य सरकार ने कांकेर मामले में सख्त कार्रवाई की है. दत्तक एजेंसी कांकेर के विरूद्ध शिकायतों की जांच में लापरवाही पर कार्रवाई की गयी. आरोपी समन्वयक सीमा द्विवेदी को पुलिस ने हिरासत में लिया है. कांकेर कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने दत्तक एजेंसी को निलंबित किया है. बच्ची से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था. इसी मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग के विशेष सचिव पोषण चंद्राकर ने तत्कालीन प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा को निलंबित कर दिया है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह एक महिला बच्ची के बाल पकड़ उसे उठाकर जमीन पर पटक रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद इन केंद्रों में बच्चियों की सरक्षा पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जमीन पर गिरी बच्ची को दोबारा फिर से खड़ा कर एक बांह पकड़कर पलंग पर पटक दिया. बच्ची चीखती है, चिल्लाती है, रोने लगती है, लेकिन महिला को उस पर तरस नहीं आया और वह पिटती रही. पास से ही दो आया भी गुजरती हैं पर उनकी हिम्मत नहीं कि इस बर्बरता को वह रोक सके. वहीं इस वीडियो में दिख रही महिला कोई और नहीं यहां पदस्थ प्रोग्राम मैनेजर सीमा द्विवेदी बताई जा रही है, जो बच्चियों के साथ आए दिन इसी तरह मारपीट करती है, जिससे बच्चियां भी डरी सहमी हुई रहती है।



