
बिलासपुर
बिलासपुर के अपोलो अस्पताल के डायलिसिस वार्ड में आग लग गई। शाम चार बजे के बाद लगी आग से मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद वार्ड में भर्ती मरीजों को शिफ्ट करने का काम चालू है। आगजनी की सूचना के बाद एनडीआरएफ की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। वार्ड में भर्ती मरीजों का रेस्क्यू जारी है। पूरे वार्ड में धुंआ भरा हुआ है। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल है।

सरकंडा थाना क्षेत्र में संभाग का सबसे बड़ा अपोलो अस्पताल स्थित है। मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल होने के चलते यहां बिलासपुर संभाग के अलावा आस पास के राज्यो के लोग भी इलाज के लिए आते हैं। शाम करीबन चार बजे यहां के डायलिसिस वार्ड में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। इस दौरान आग लगते ही धुंआ फैल गया।

डायलिसिस वार्ड में कई मरीज डायलिसिस के लिए उपस्थित थे। सभी को डायलिसिस वार्ड से खाली करवाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। आग ज्यादा न फैले इसके लिए डायलिसिस वार्ड में बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई। सूचना पर सरकंडा पुलिस दमकल के साथ मौके पर पहुँची और आग बुझाने में जुट गई।



