छत्तीसगढ़

1500 रुपए के लिए खौफनाक मर्डर, 7 नाबालिगों ने युवक को उतारा मौत के घाट..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 1500 रुपए के लेन-देन को लेकर हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले सभी 7 आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों ने युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद पुलिस से बचने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया था।

जानकारी के मुताबिक 18 जून की रात करीब 8:30 बजे शक्ति नगर स्थित एक कुएं में युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से मृतक की पहचान 26 वर्षीय यशवंत सारथी के रूप में की गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक की हत्या बेहद निर्ममता से की गई थी। आरोपियों ने पहले उसके सिर पर पत्थर से हमला किया, फिर कटर से सिर, सीना, पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।

1500 रुपए के विवाद में रची गई साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक ने मुख्य आरोपी से 1500 रुपए उधार लिए थे। कई बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने से आरोपी नाराज था। इसी बात को लेकर उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

17 जून की रात मुख्य आरोपी ने यशवंत को फोन कर मिलने के बहाने घटनास्थल पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद अन्य नाबालिग साथियों ने मिलकर उसे घेर लिया। इसके बाद पत्थर और कटर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस को गुमराह करने शव कुएं में फेंका

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को पास के कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर सभी 7 नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। इस वारदात ने एक बार फिर किशोर अपराध और बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button