कांकेर। छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती द्वारा गांव के युवक को भेजे गए मदद के मैसेज के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। प्रशासन और पुलिस अब युवतियों की सुरक्षित वापसी के लिए कार्रवाई में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, इनमें से 15 युवतियां कांकेर जिले की हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों की बताई जा रही हैं। सभी को नर्सिंग और अन्य काम दिलाने का झांसा देकर झारखंड भेजा गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद युवतियों को जबरन बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है।
दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित युवक को मोबाइल पर संदेश भेजकर मदद मांगी। युवती ने बताया कि उन्हें झारखंड के गढ़वा जिले में बंधक बनाकर रखा गया है। मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और गढ़वा जिला प्रशासन से संपर्क कर खोजबीन शुरू कर दी गई।
कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि युवतियों को सकुशल वापस लाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता से मामले की निगरानी कर रहा है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।



