रायगढ़: कलाधानी नगरी रायगढ़ में कबीर चौक और गांधी चौक दो महत्वपूर्ण चौक-चौराहें हैं।
कबीर चौक से मुख्यमंत्री का रोड शो निकला है और गांधी चौक तक जाएगा।
इन दोनों के आदर्शों के बीच रायगढ़ की हजारों जनता के बीच जनसमूह गुजर रहा है।
यह यात्रा कबीर चौक से आरंभ हुई है। उन्हें धान से तौलकर यात्रा की शुरूआत की गई है।
उन्होंने परसों ही दो साल का बोनस दिया जिससे धान के कटोरे में हर्ष का माहौल है। यही नहीं 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी और 3100 रुपए क्विंटल धान खरीदी की घोषणा से किसानों में काफी खुशी है।
रायगढ़ की जनता ने इसलिए धान से ही उन्हें तौलने का निर्णय किया। रोड शो के लिए निकले मुख्यमंत्री के बगल से कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी भी हैं।
सड़क के दोनों ओर छतों में जनता अपने प्रिय नेता का अभिवादन कर रही है। फूलों से लोग स्वागत कर रहे हैं। दूर तक सड़क समर्थकों से अटी पडड़ी है। काफिला कहां से शुरू हुआ है और कहां पर खत्म हुआ है। इसका आकलन करना कठिन है। मुख्यमंत्री दोनों हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। लोग पुष्पवर्षा कर रहे हैं।
जनसैलाब उमड़ गया है। कबीर चौक से गांधी चौक तक पूरी सड़क खचाखच भरी है। सामाजिकजन भी बीच-बीच में मुख्यमंत्री का स्वागत कर रहे हैं। गुजराती समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अभी रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री का पुष्पमाला से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के स्वागत में चारों ओर नारे लग रहे हैं और पूरा रायगढ़ अभूतपूर्व उत्साह के माहौल में डूब गया है।
रोड शो जारी है। फूलों की पंखुड़ियां आसमान में तैर रही हैं। मुख्यमंत्री का काफिला धीरे-धीरे बढ़ रहा है। चारों ओर से उन्हें लोग अभिवादन कर रहे हैं। नंदन-वंदन-अभिनंदन के नारों से पूरा रोड शो गूंज रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय पिछले दो दशकों से रायगढ़ लोकसभा के सांसद हैं और यहां के लोगों से उनकी गहरी आत्मीयता है।
रायगढ़ निवासियों के सुख-दुख में सम्मिलित होते रहते हैं और दिल्ली तथा रायपुर दोनों ही जगहों में रायगढ़ के जनता के हितों की आवाज उठाते रहते हैं। रायगढ़ की जनता आज आत्मीय भाव से उनके स्वागत के लिए उतरी है। यात्रा अभी गांधी चौक तक पहुँचेगी। बीच-बीच में विभिन्न सामाजिकजनों के प्रतिनिधिमंडल भी उनका आभार प्रगट कर रहे हैं।