छत्तीसगढ़

पत्थर से वार कर पति की हत्या, शव सड़क किनारे फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश..

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चिचोला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू की संदिग्ध मौत सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या निकली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और शव को सड़क किनारे फेंककर वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की।

सड़क किनारे गड्ढे में मिला था शव

मामला चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र का है। 10 अगस्त की रात महाराजपुर भारत पेट्रोल पंप के पास NH-53 के किनारे गड्ढे में प्रेमलाल साहू का शव संदिग्ध हालत में मिला था। मृतक के चेहरे, नाक और माथे से खून बह रहा था। शव के पास खून से सना भारी पत्थर भी बरामद हुआ था।

मृतक के भाई ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल और परिस्थितियों की जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद अलग-अलग पहलुओं से जांच आगे बढ़ाई गई।

प्रेम संबंध में पति बना था रोड़ा

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू के गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसके बाद पत्नी और उसके प्रेमी ने प्रेमलाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने प्रेमलाल पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि पूरा मामला सड़क हादसा नजर आए।

पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

जांच के बाद चिचोला पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस मामले में जुटाए गए अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button