ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है। इस हादसे में उनके साथ ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन और अन्य अधिकारियों की भी जान चली गई है। ईरानी मीडिया ने यह दावा किया है कि रविवार को अजरबैजान के घने और पहाड़ी इलाके में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद हेलिकॉप्टर का मलबा मिला, लेकिन कोई जीवित नहीं मिला।
ईरानी रेड क्रिसेंट के चीफ ने बताया कि रेस्क्यू टीम दुर्घटनास्थल और हेलिकॉप्टर के मलबे तक पहुंच गई है। प्राप्त वीडियो में हेलीकॉप्टर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त और जला हुआ दिखाई दे रहा है। राज्य समाचार एजेंसी IRINN और सेमी-ऑफिशियल न्यूज एजेंसी मेहर न्यूज ने भी पुष्टि की कि दुर्घटनास्थल पर कोई भी जीवित नहीं मिला।
यह हादसा तब हुआ जब राष्ट्रपति रईसी ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में यात्रा कर रहे थे। घटना तेहरान से लगभग 600 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में अजरबैजान की सीमा के पास जुल्फा शहर के निकट हुई।
हादसे से कुछ समय पहले, ईरान ने इजरायल पर एक बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया था और यूरेनियम संवर्धन का स्तर हथियार बनाने के करीब पहुंच गया था। रईसी अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ एक बांध का उद्घाटन करने के लिए अजरबैजान में थे। अजरबैजान से लौटते समय उनका हेलिकॉप्टर रविवार शाम करीब 7 बजे लापता हो गया था। इसमें राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियन समेत 9 लोग सवार थे। हादसे में सभी मारे गए।



