छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में भूकंप का झटका.. घरों में रखे सामान गिरने लगे, लोग घरों से निकलकर बाहर आने लगे, जानें कितनी थी तीव्रता..

रायपुर

अंबिकापुर और आसपास के लोगों ने भूकंप का झटका महसूस किया. सुबह करीब 10.28 बजे यह झटका आया. घर में रखे बर्तन गिर गए. जैसे ही लोगों ने यह झटका महसूस किया तो वे घबरा गए और घर से बाहर निकल गए. भूकंप की तीव्रता 4.1 थी. इसका केंद्र अंबिकापुर से उत्तर पश्चिम में 22 किलोमीटर दूर भटगांव के जंगल को बताया जा रहा है.

बता दें कि 7 महीने में चौथी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। पहले 11 जुलाई को कोरिया में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 4.3 थी। इसके बाद कोरिया में ही 29 जुलाई को भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.6 थी। 4 अगस्त को सूरजपुर जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर भूकंप आया। इसकी तीव्रता 3.0 थी। सीएम भूपेश बघेल भी इशारों-इशारों में कह चुके हैं कि बार-बार भूकंप आना चिंता का विषय है। राजधानी स्थित साइंस कॉलेज के प्रोफेसर एसएस भदौरिया भी यह मानते हैं कि सरगुजा इलाके में भूकंप के लिए कोयला खनन और खदान कारण हो सकते हैं। सूरजपुर में भूकंप के बाद यह तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें दीवार पर दरार पड़ गई।

अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के रिसर्च असिस्टेंट यमलेश कुमार निषाद और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंजीत कुमार ने 2018 के बाद हुई भूकंप की घटनाओं और केंद्र सरकार की अलग-अलग एजेंसियों से मिले डाटा के आधार पर जो अनुमान लगाया है, उसके मुताबिक सरगुजा इलाके में भूकंप की संभावना बनी रहेगी।

Back to top button