रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोप है कि गिरोह गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को मुफ्त प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाता था। इसके बाद उनके नवजात बच्चों को निःसंतान दंपत्तियों को मोटी रकम लेकर बेचने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में 15 से 20 नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े सुराग मिलने की बात सामने आई है। आरोप है कि बच्चों को 5 से 10 लाख रुपये तक में बेचा जाता था।
मुफ्त इलाज का झांसा देकर गर्भवती महिला को बुलाया रायपुर
पूरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम डीसीपी रॉबिंसन गुरिया के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक गर्भवती महिला का संपर्क रायपुर की कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने महिला को मुफ्त प्रसव और इलाज कराने का भरोसा दिलाया और उसे रायपुर बुला लिया।
रायपुर पहुंचने पर महिला की मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने का प्रस्ताव दिया। इसके बदले उसे मोटी रकम देने की बात कही गई।
बच्चा बेचने से इनकार करने पर डराने-धमकाने का आरोप
पीड़ित महिला ने जब अपने बच्चे को बेचने से इनकार कर दिया, तो कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया जाने लगा। आरोप है कि 4 नवंबर को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उन्हें बंधक बना लिया गया।
महिला को यह कहकर दबाव में लेने की कोशिश की गई कि उसके प्रसव और इलाज में जो खर्च हुआ है, उसकी भरपाई बच्चे को बेचकर की जाएगी। किसी तरह महिला वहां से निकलकर आजाद चौक थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से हैदराबाद और अहमदाबाद तक नेटवर्क के सुराग
पुलिस की शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद तक नेटवर्क फैले होने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के 15 से 20 संभावित मामलों से जुड़े सुराग मिलने की बात भी सामने आई है।
जांच के दौरान कई कथित दलालों के नाम सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है।
फर्जी डिस्चार्ज टिकट से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप
इस मामले में अस्पतालों और डॉक्टरों की कथित भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस को जांच के दौरान ऐसे सुराग मिले हैं, जिनमें कुछ अस्पतालों और डॉक्टरों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है।
आरोप है कि अस्पतालों से फर्जी नामों पर डिस्चार्ज टिकट तैयार कराए जाते थे। इसके आधार पर नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे को खरीदने वाले दंपत्ति का नाम दर्ज कराने की व्यवस्था की जाती थी। हालांकि, अस्पतालों और डॉक्टरों की भूमिका अभी जांच के दायरे में है।
पुलिस रिमांड में आरोपी, बड़े नेटवर्क की जांच जारी
मामले में गिरफ्तार तीनों महिलाओं को पुलिस ने चार दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, कथित दलालों और दूसरे राज्यों में फैले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य फोकस नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के पूरे नेटवर्क का पता लगाना और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका उजागर करना है।



